पौड़ी। जनपद में संचालित प्रमुख निर्माण एवं विकास कार्यों की शुक्रवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने एनआईसी कक्ष में समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता, टिकाऊपन और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विकास कार्यों की प्रगति धीमी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर फास्टट्रैक किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विभागीय नोडल अधिकारी प्रत्येक 15 दिन में संबंधित परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। वहीं, प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की प्रतिमाह समीक्षा की जाएगी, ताकि कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।
बैठक में राहु मंदिर, पैठाणी राज्य संरक्षित स्मारक, पालकोट एवं पौड़ी इको एडवेंचर पार्क, पुरानी जेल संग्रहालय, मोहनचट्टी आयुर्वेदिक चिकित्सालय, माल रोड और माउंटेन व्यू पार्क समेत विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

एकेश्वर में 30 मीट्रिक टन क्षमता का कोल्ड स्टोरेज
कृषि उत्पादों के विपणन और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी ने एकेश्वर में 30 मीट्रिक टन क्षमता वाले कोल्ड स्टोरेज का निर्माण तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के कम से कम पांच विकासखंडों में स्थानीय आवश्यकता के अनुसार कोल्ड स्टोरेज विकसित किए जाएं।
उन्होंने फार्म-टू-फोक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने और कलेक्शन वैन की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया। इससे स्थानीय कृषि उत्पादों के संरक्षण, प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य परियोजनाओं की भी समीक्षा
बैठक में अंबेडकर विज्ञान संग्रहालय, जिला पुस्तकालय, कोटद्वार व्यायामशाला, कंडोलिया खेल मैदान, 50 समुन्नत एवं उत्कर्ष विद्यालय, 16 अस्पतालों और 60 बचपन सेंटरों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 18 बचपन सेंटरों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।
जिलाधिकारी ने पंचायत भवनों का जनहित में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कॉलेज मॉडर्नाइजेशन और करियर काउंसलिंग के लिए स्मार्ट क्लास विकसित करने को कहा गया।
नशामुक्ति और साइबर क्राइम पर जागरूकता
जिलाधिकारी ने नशामुक्ति, साइबर क्राइम और गढ़वाली भाषा से संबंधित जागरूकता सामग्री तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन विषयों पर उपयोगी पुस्तिकाएं तैयार कर आम लोगों और युवाओं तक जानकारी पहुंचाई जाए।
360 नए पात्र लोगों की पेंशन स्वीकृत
बैठक में पेंशन संतृप्तिकरण अभियान की भी जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत 360 नए पात्र व्यक्तियों की पेंशन स्वीकृत की गई है।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने स्पष्ट किया कि जिले में संचालित विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने के लिए संबंधित अधिकारी जिम्मेदारी के साथ काम करें। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
