पौड़ी गढ़वाल: जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों, मतदाता सूची, बीएलओ एवं एईआरओ स्तर पर की जा रही कार्रवाई, नोटिसों की सुनवाई तथा प्रपत्रों के निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एसआईआर प्रपत्रों का रेंडम चेक किया। जांच में कुछ नो-मैपिंग प्रपत्रों के साथ बीएलओ एवं एईआरओ की सत्यापन रिपोर्ट संलग्न नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक रिपोर्ट पूर्ण कर प्रपत्र निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि केवल संख्या बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक प्रपत्र की गुणवत्ता, सत्यापन और प्रक्रिया की शुद्धता सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। सभी प्रपत्र निर्धारित प्रारूप और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार किए जाएं।
विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ से की सीधी बात
जिलाधिकारी ने यमकेश्वर एवं श्रीनगर विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ERO) से दूरभाष पर वार्ता कर लंबित प्रपत्र आवश्यक रिपोर्ट सहित भेजने के निर्देश दिए। साथ ही श्रीनगर के एक बीएलओ से नोटिसों की सुनवाई की स्थिति की जानकारी भी ली।
उन्होंने चौबट्टाखाल एवं कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों में बेहतर समन्वय और व्यवस्थित कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसी गति से कार्य जारी रखने को कहा।
गुणवत्ता आधारित निस्तारण पर जोर
स्वाति भदौरिया ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई प्रक्रिया निर्धारित रूप से आगे बढ़ रही है तथा शेष कार्य भी आगामी कुछ दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने प्रत्येक स्तर पर प्रपत्रों की दोबारा जांच कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीएम एफ.आर. चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
