September 11, 2026
पौड़ी: महरगांव में राहत एवं पुनरुद्धार कार्य तेज, डीएम स्वाति भदौरिया ने ग्राउंड जीरो से की निगरानी
Latest देहरादून न्यूज

पौड़ी: महरगांव में राहत एवं पुनरुद्धार कार्य तेज, डीएम स्वाति भदौरिया ने ग्राउंड जीरो से की निगरानी

पौड़ी गढ़वाल: जनपद के द्वारीखाल विकासखंड स्थित आपदा प्रभावित महरगांव में राहत एवं पुनरुद्धार कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष स्वाति एस. भदौरिया स्वयं दुर्गम मार्ग से पैदल गांव पहुंचीं और अंतिम शव बरामद होने तक ग्राउंड जीरो पर रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करती रहीं।

जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक सभी विभाग लगातार राहत एवं पुनरुद्धार कार्यों में सक्रिय रहें।

डीएम के निर्देश पर आपदा में क्षतिग्रस्त जल जीवन मिशन की मुख्य पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी गई है। वहीं संपर्क मार्ग से मलबा हटाने और राहत सामग्री की निर्बाध आवाजाही के लिए जेसीबी मशीनें तैनात कर दी गई हैं।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि पशुपालन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर घायल पशुओं का उपचार किया तथा पशुपालकों को 10 बैग चारा भेली वितरित की। दुर्गम क्षेत्र तक चारा पहुंचाने में जेसीबी और ग्रामीणों का भी सहयोग लिया गया।

प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को सूखा राशन किट, दैनिक उपयोग के बर्तन और कंबल उपलब्ध कराए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी गांव में रहकर लगातार जरूरतों की निगरानी कर रहे हैं। ग्राम प्रधान अमित सिंह ने राहत कार्यों में प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने सभी रेखीय विभागों को पेयजल, विद्युत, सड़क, पशुधन और राहत सामग्री जैसी आवश्यक सेवाओं की निरंतर निगरानी करते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *