श्रीनगर/पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को श्रीनगर तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में जनसुनवाई कर अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम बछेली के सुमाड़ी डंपिंग जोन से अमधार तल्ली के पेयजल स्रोत प्रभावित होने की शिकायत पर जल संस्थान, निर्माणदायी संस्था और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर स्थलीय निरीक्षण कराने को कहा। वहीं बलडी तोक की क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर के पुनर्निर्माण के लिए दो दिन के भीतर संयुक्त निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
वार्ड-40 में खेल मैदान और विद्युत उपकेंद्र के लिए चिन्हित भूमि हस्तांतरण मामले में यूपीपीसीएल से प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त करने तथा उपजिलाधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।

तहसील दिवस के बाद जिलाधिकारी ने पौड़ी से पहुंचे सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को श्रीनगर स्थित अपने-अपने विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण करने के बाद ही मुख्यालय लौटने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने स्वयं तहसील कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम और तहसीलदार न्यायालयों में लंबित राजस्व एवं फौजदारी मामलों की समीक्षा करते हुए अनावश्यक रूप से लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। एक ही मामले में बार-बार तिथि दिए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और लंबित पत्रावलियों की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए।
नजारत अनुभाग में अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक न मिलने पर नायब नजीर से स्पष्टीकरण तलब किया गया। संग्रह अनुभाग में धीमी राजस्व वसूली पर कम वसूली करने वाले अमीनों का वेतन रोकने तथा वसूली अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन, उपस्थिति पंजिका और मॉडर्न रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर अभिलेखों के पारदर्शी रखरखाव और लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने जिला आपदा परिचालन केंद्र (कंट्रोल रूम) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से संचार व्यवस्था की जांच करते हुए सभी उपकरणों को पूरी तरह सक्रिय रखने, 24×7 सतर्कता बनाए रखने, संपर्क सूची नियमित अपडेट करने और तकनीकी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा, तहसीलदार दीपक भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
