पौड़ी गढ़वाल: श्रावण मास के कांवड़ मेले में नीलकंठ महादेव धाम पहुंच रहे शिवभक्तों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने लक्ष्मणझूला क्षेत्र के जानकी पुल के पास देहरादून से मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब तैनात की है, जहां व्यापारी और आम नागरिक अपनी खाद्य सामग्री की निःशुल्क एवं त्वरित जांच करा सकते हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी. जोशी ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग और नीलकंठ क्षेत्र के स्थायी व अस्थायी खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। मोबाइल लैब के माध्यम से दूध, पनीर, मिठाई, खाद्य तेल, दाल, चावल, मसाले और पेय पदार्थों सहित विभिन्न खाद्य सामग्री की मौके पर वैज्ञानिक जांच कर मिलावट और गुणवत्ता संबंधी अनियमितताओं का पता लगाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मानकों के अनुरूप न पाए जाने वाले खाद्य पदार्थों के मामलों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों को स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित भंडारण और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के विक्रय के निर्देश भी दिए गए हैं।
मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब में लैब एनालिस्ट जितेंद्र भंडारी खाद्य नमूनों की जांच कर रहे हैं, जबकि सीनियर फूड सेफ्टी ऑफिसर सारधा शर्मा पूरे अभियान की निगरानी कर रही हैं। विभाग ने श्रद्धालुओं और व्यापारियों से इस निःशुल्क सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।
