दो दिवसीय नि:शुल्क समर कैंप का समापन, बच्चों ने सीखे योग, ध्यान, भजन और नैतिक जीवन के संस्कार
Latest धार्मिक/धर्म-समाचार राज्य शिक्षा

दो दिवसीय नि:शुल्क समर कैंप का समापन, बच्चों ने सीखे योग, ध्यान, भजन और नैतिक जीवन के संस्कार

देहरादून। श्री सत्य साईं सेवा संगठन, उत्तराखंड द्वारा दुर्गा मंदिर, गढ़ी कैंट में आयोजित दो दिवसीय नि:शुल्क मूल्यपरक समर कैंप का सोमवार को भक्तिमय वातावरण एवं उत्साहपूर्ण माहौल के बीच सफलतापूर्वक समापन हो गया। 8 एवं 9 जून को आयोजित इस विशेष शिविर में 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 60 बच्चों ने सहभागिता कर नैतिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों में चरित्र निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सेवा भावना का विकास करना तथा उन्हें संस्कारित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। प्रतिदिन आयोजित विभिन्न सत्रों में बच्चों को योग, ध्यान, भजन-कीर्तन, गायन, नृत्य, आर्ट एंड क्राफ्ट, गाइडेड मेडिटेशन और मानवीय मूल्यों पर आधारित गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।

प्रदेश संयुक्त आध्यात्मिक समन्वयक बीना जोशी ने बच्चों को योगाभ्यास, भजन, मंत्रोच्चार एवं आध्यात्मिक गतिविधियों का प्रशिक्षण देते हुए कहा कि बाल्यावस्था में प्राप्त संस्कार व्यक्ति के संपूर्ण जीवन की दिशा तय करते हैं। उन्होंने कहा कि श्री सत्य साईं बाबा की शिक्षाओं पर आधारित बाल विकास कार्यक्रम बच्चों में आत्मबल, चरित्र निर्माण और सेवा भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।

प्रदेश उपाध्यक्ष अजय स्वरूप ने कहा कि बच्चे राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं और उन्हें श्रेष्ठ संस्कार एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करते हैं।

शिविर के दौरान बच्चों ने भजन, गायत्री मंत्र, भोजन मंत्र एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें अभिभावकों और श्रद्धालुओं ने खूब सराहा। नन्हे प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सभी का मन मोह लिया।

समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं भोजन वितरित किया गया। पूरे शिविर के दौरान आध्यात्मिक ऊर्जा, अनुशासन और उत्साह का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम की सफलता में संगठन के अनेक पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर चांद बल्लभ, दिनेश पाल, नीरज थापा, राजीव दुबे, रीता पंत, राधा वल्लभ, सपना थापा, मीना छेत्री, अनीता पाल, जय गुरुंग, कुसुम शर्मा, मंजू थापा एवं सुधा पून सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, अभिभावक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *