यमकेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में कांवड़ यात्रा के सफल समापन के बाद नीलकंठ क्षेत्र में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुबह 9 बजे शुरू हुए अभियान के दौरान मंदिर परिसर, पैदल मार्गों, पार्किंग स्थलों, सड़क किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थानों से यात्रा के दौरान जमा हुए कूड़े-कचरे को हटाकर निर्धारित व्यवस्था के अनुसार निस्तारित किया गया।
अस्थायी शिविरों, विश्राम स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में भी सफाई अभियान चलाया गया। प्रशासन का उद्देश्य नीलकंठ की धार्मिक गरिमा के साथ-साथ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और स्वच्छता को बनाए रखना रहा।
अभियान में जिला पंचायत के स्वच्छता कर्मियों और कर्मचारियों के साथ व्यापार मंडल, मंदिर समिति तथा टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की। यमकेश्वर की ज्येष्ठ प्रमुख स्वाति देवी, ग्राम प्रधान तोली ऊषा देवी समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों, दुकानदारों और नागरिकों ने भी श्रमदान कर अभियान में सहयोग किया।

उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान ने कहा कि नीलकंठ धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्र भी है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नियमित सफाई, प्रभावी कूड़ा उठान और कचरा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान व्यापक व्यवस्थाओं के बाद क्षेत्र को स्वच्छ और सुव्यवस्थित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अभियान में सहयोग करने वाले सभी विभागों, व्यापार मंडल, मंदिर समिति, टैक्सी यूनियन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता की सराहना की।
जिला प्रशासन ने नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं से सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने तथा निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने की अपील की है।
अभियान में मंदिर के मुख्य पुजारी शिवानंद गिरी जी महाराज, व्यापार मंडल नीलकंठ अध्यक्ष बृजेश चौहान, सचिव सुमित पंवार, ग्राम प्रधान ऊषा देवी, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष देवेंद्र राणा, सचिव देवू शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता शिवचरण सिंह रावत, पूर्व प्रधान रविंद्र नेगी, तेजपाल नेगी, अवनीश नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मंदिर समिति, व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी और स्वच्छता कर्मी मौजूद रहे।
