September 12, 2026
लक्सर में नए साल की रात मातम: अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में दहशत
प्रदेश/लोकल न्यूज़ राज्य

लक्सर में नए साल की रात मातम: अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में दहशत

नए साल की रात लक्सर क्षेत्र में हुए लगातार सड़क हादसों ने कोहराम मचा दिया। अलग-अलग दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

पहला हादसा लक्सर–कुंआखेड़ा मार्ग पर हुआ, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार धूम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सेठपुर गांव निवासी 50 वर्षीय धूम सिंह देर रात बाइक से जा रहे थे। टक्कर के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दूसरा दर्दनाक हादसा लक्सर–रुड़की मार्ग पर डौसनी फ्लाईओवर पर हुआ। यहां स्कूटी सवार मिंटू (38) और शिवम (19) रेलिंग से टकराकर फ्लाईओवर से नीचे गिर गए। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

लगातार हुए इन हादसों से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। पुलिस दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए जांच में जुटी है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *