प्रेमनगर क्षेत्र में वारदात के बाद पुलिस से मुठभेड़, नरेश राठौर समेत तीन घायल, सर्च ऑपरेशन जारी
अपराध राज्य

प्रेमनगर क्षेत्र में वारदात के बाद पुलिस से मुठभेड़, नरेश राठौर समेत तीन घायल, सर्च ऑपरेशन जारी

देहरादून। थाना प्रेमनगर क्षेत्र में 29/30 अप्रैल 2026 की रात एक सनसनीखेज लूट और गोलीकांड की घटना सामने आई। कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को लूटने के दौरान गोली मार दी है।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया। पीड़ित के अनुसार, काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उससे नीले बैग में रखे करीब 2 लाख रुपये, मोबाइल, हिसाब-किताब की डायरी, आईडी और अन्य कागजात लूट लिए और गोली मारकर फरार हो गए।

घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद पुलिस टीम ने बताए गए दिशा में बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जंगल की ओर जाती संदिग्ध कार दिखाई दी। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और वाहन छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे।

पुलिस द्वारा पीछा जारी रखने पर बदमाशों ने दोबारा फायरिंग की, जिसमें एक गोली प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर को लग गई। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और घायल इंस्पेक्टर को प्राथमिक चिकित्सालय प्रेमनगर लाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। बाद में घायल बदमाश को कोरोनेशन चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून और एसपी सिटी मौके व अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पूरे जनपद में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा फरार बदमाशों की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है।

पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *