पौड़ी गढ़वाल: कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में शौर्य दिवस श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। पौड़ी और कोटद्वार में आयोजित कार्यक्रमों में कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। इस अवसर पर शहीदों के परिजनों और कारगिल युद्ध में सहभागी रहे वीर सैनिकों को सम्मानित किया गया।
जनपद मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक, एजेंसी चौक पर स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम से पूर्व एजेंसी चौक से कलेक्ट्रेट तक प्रभात फेरी भी निकाली गई।
विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि उत्तराखंड के लगभग 75 वीर सपूतों, जिनमें पौड़ी गढ़वाल के 17 शहीद शामिल हैं, ने मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। वहीं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने छात्र-छात्राओं से राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना अपनाने का आह्वान किया तथा शहीदों के सम्मान और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर (सेनि.) करन सिंह ने कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के शौर्य का उल्लेख करते हुए युवाओं से वीर सैनिकों के बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान शहीदों के परिजनों, कारगिल युद्ध में सहभागी आठ पूर्व सैनिकों तथा वीर चक्र सम्मानित शहीद राइफलमैन कुलदीप सिंह रावत के परिजनों को शॉल, स्मृति चिन्ह और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही निबंध, चित्रकला और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं और विद्यालयों को भी सम्मानित किया गया।
