September 11, 2026
कल्जीखाल में विधिक सेवा केंद्र शुरू, ग्रामीणों को मिलेगी निःशुल्क कानूनी सहायता
Latest देहरादून न्यूज

कल्जीखाल में विधिक सेवा केंद्र शुरू, ग्रामीणों को मिलेगी निःशुल्क कानूनी सहायता

ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को सरल, सुलभ और निःशुल्क न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर विकासखंड कल्जीखाल सभागार में विधिक सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र नालसा विधिक सेवा केंद्र योजना-2010 के अंतर्गत संचालित किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने बताया कि केंद्र के माध्यम से पात्र लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता, विधिक परामर्श और अधिवक्ता की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। न्यायालयीन मामलों में सहायता के साथ-साथ मध्यस्थता और सुलह के जरिए विवादों के समाधान, लोक अदालत एवं स्थायी लोक अदालत से संबंधित मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों सहित अन्य पात्र लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा और आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की जाएगी।

विधिक सेवा केंद्र की स्थापना से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को अपने क्षेत्र में ही कानूनी सहायता मिल सकेगी। इससे आर्थिक या भौगोलिक कारणों से पात्र लोगों को न्याय और उनके अधिकारों से वंचित होने की समस्या कम होगी।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार, रिटेनर अधिवक्ता गजेंद्र सिंह रावत, अधिकार मित्र जगमोहन डांगी, विक्रम पटवाल, सज्जन सिंह नेगी सहित अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *