हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा 2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने सभी शिवभक्तों से यात्रा के दौरान नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, कांवड़ यात्रा के दौरान जुगाड़ वाहन, रेट्रो साइलेंसर, त्रिशूल, तलवार, नुकीले हथियार और अन्य घातक वस्तुओं के साथ यात्रा करने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
यात्रा के दौरान विद्युत लाइनों से संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पैदल कांवड़ की अधिकतम ऊंचाई 6 फीट तथा कांवड़ झांकी की अधिकतम ऊंचाई 10 फीट निर्धारित की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से इन मानकों का पालन करने की अपील की है।

हरिद्वार पुलिस ने सभी कांवड़ियों से यात्रा के दौरान वैध पहचान पत्र साथ रखने, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन न करने, रेलवे की सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार के विवाद या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न करने से बचने को कहा है।
पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं के सहयोग से ही कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, अनुशासित और सफल बनाया जा सकता है। किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालु तत्काल पुलिस या प्रशासन से संपर्क करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
