हल्द्वानी। Pushkar Singh Dhami द्वारा हल्द्वानी में 6.75 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक कुमाऊँ मीडिया सेंटर का शिलान्यास किया गया। इसे उत्तराखण्ड की पत्रकारिता और मीडिया जगत के लिए एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है। यह मीडिया सेंटर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत करने के साथ आधुनिक पत्रकारिता को नई दिशा देने का कार्य करेगा।
प्रस्तावित मीडिया सेंटर में आधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, डिजिटल स्टूडियो, हाई-स्पीड इंटरनेट, समृद्ध लाइब्रेरी, कैंटीन तथा दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों के लिए गेस्ट रूम जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस परियोजना के पूरा होने के बाद कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों को कई कार्यों के लिए देहरादून पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकार कल्याण और मीडिया सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पत्रकार कल्याण कोष की राशि बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये कर दी गई है, ताकि आकस्मिक निधन या गंभीर बीमारी की स्थिति में पत्रकार परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इसके अलावा अधिस्वीकृत पत्रकारों एवं उनके आश्रितों के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा लागू की गई है। वहीं 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को प्रतिमाह 10 हजार रुपये पेंशन देने की व्यवस्था भी राज्य सरकार द्वारा की जा रही है।
माना जा रहा है कि यह मीडिया सेंटर हल्द्वानी को कुमाऊँ का प्रमुख मीडिया हब बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और उत्तराखण्ड में पारदर्शी, आधुनिक और सशक्त पत्रकारिता को नई पहचान देगा।
