उत्तराखंड में तीन दिन हीटवेव का अलर्ट, हरिद्वार समेत 6 जिलों में बढ़ेगा तापमान
Latest राज्य

उत्तराखंड में तीन दिन हीटवेव का अलर्ट, हरिद्वार समेत 6 जिलों में बढ़ेगा तापमान

देहरादून। India Meteorological Department के मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार उत्तराखंड के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। अगले 2 से 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होने की संभावना है, जबकि इसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने 25 मई से 27 मई 2026 तक राज्य के कई जिलों में हीटवेव (लू) की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गर्म हवाएं चलने की संभावना है।

बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रुड़की (हरिद्वार) में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस मुक्तेश्वर (नैनीताल) में रिकॉर्ड किया गया।

वहीं कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। जोशीमठ में 2.1 मिमी, चंपावत में 1.0 मिमी, मुनस्यारी में 0.4 मिमी और केदारनाथ में 0.1 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *