गढ़वाल जिले के नैनी डांडा विकासखंड की पट्टी बिजलौट स्थित ग्राम सभा बणासी तल्ली में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। घास काटने गई दो महिलाओं पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में श्रीमती सुशीला देवी की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद शांति देवी ने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, घटना 27 जून 2026 की सुबह लगभग 10 से 11 बजे के बीच हुई। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने तक गुलदार महिला को गंभीर रूप से घायल कर चुका था और उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप रावत को भी मामले से अवगत कराया गया है। क्षेत्र पंचायत प्रमुख प्रकीर्ण नेगी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
