September 11, 2026
CM धामी ने लॉन्च किया ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ ऐप, किसानों को मिलेंगी AI और मौसम समेत कई डिजिटल सुविधाएं
Latest देहरादून न्यूज

CM धामी ने लॉन्च किया ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ ऐप, किसानों को मिलेंगी AI और मौसम समेत कई डिजिटल सुविधाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल ऐप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने ऐप को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए समिति को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग से किसानों को कृषि से जुड़ी आवश्यक जानकारियां और सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराई जा सकती हैं। इस दिशा में ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ जैसी पहल किसानों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, ऐप के माध्यम से किसानों को रियल टाइम मौसम की जानकारी और अलर्ट, फसल-विशिष्ट कृषि सलाह, एआई आधारित फसल रोग पहचान, कृषि एवं बाजार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाएं भी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देने का प्रयास किया गया है।

ऐप में स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने से संबंधित सुविधाएं भी शामिल की गई हैं। समिति के अनुसार, ऐप को किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है, ताकि कृषि उत्पादन से लेकर बाजार तक किसानों को डिजिटल सहयोग मिल सके।

कार्यक्रम में कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी समेत मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति से कमला डबराल, राजेश डबराल, अंशुल, प्रांजल नौडियाल और सूरवीर सिंह कठैत उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *