पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान के तहत विकासखंड द्वारीखाल के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बांघाट में एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों और अभिभावकों को महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यशाला में मिशन शक्ति वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने बच्चों को वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली और वहां उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने पॉक्सो एक्ट, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।
लक्ष्मी रावत ने बच्चों को किसी भी प्रकार की परेशानी, हिंसा या असुरक्षित स्थिति का सामना होने पर बिना झिझक उचित माध्यम से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और अभिभावकों ने महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भी किया जागरूक
कार्यशाला के दौरान हर घर तिरंगा अभियान के तहत भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों को अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य अनीता असवाल, सहायक अध्यापक दीपक कुमार, विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अभिभावक तथा अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।
