पौड़ी गढ़वाल: जिला प्रशासन एवं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड कल्जीखाल के राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बड़कोट में मिशन शक्ति के तहत एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और महिला एवं बाल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनों व सेवाओं की जानकारी देना रहा।
कार्यशाला में मिशन शक्ति वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने विद्यार्थियों को घरेलू हिंसा, पॉक्सो (POCSO) एक्ट, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं और शिकायत प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों को किसी भी प्रकार की हिंसा या दुर्व्यवहार की स्थिति में बिना डर के शिकायत करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच के बारे में सरल भाषा में समझाया गया तथा सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के बीच का अंतर बताया गया। साथ ही उन्हें किसी भी संदिग्ध या असहज परिस्थिति में तुरंत अपने अभिभावक, शिक्षक या संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य आशा देवी, सहायक अध्यापक रोशन सिंह रावत, सरित रावत सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
