मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन महिलाएं और एक पांच वर्षीय मासूम घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि सभी घायलों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना मसूरी के बाला हिसार मार्ग पर हुई। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग सड़क किनारे फोटो खिंचवाने के लिए रुके थे। फोटो खिंचवाने के बाद जब वाहन चढ़ाई पर आगे बढ़ने लगा तो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। संयुक्त रूप से चलाए गए रेस्क्यू अभियान के दौरान सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए देहरादून के हायर सेंटर रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान में पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। समय पर राहत कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
