जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड नैनीडांडा स्थित श्री मुस्याखांद ग्वेल भैरव मंदिर के पावन प्रांगण में 1 जून से 7 जून 2026 तक संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा।
मंदिर सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में क्षेत्र सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन समिति ने सभी भक्तजनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
कार्यक्रम की शुरुआत 31 मई 2026 को व्यासादि ब्राह्मण पूजन एवं स्वागत समारोह से होगी। इसके बाद 1 जून को प्रातः 7 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी। सुबह 8 बजे से गणेशादि पूजन एवं पाठ का आयोजन होगा, जबकि प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। प्रतिदिन शाम 6 बजे आरती एवं भोग कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
7 जून 2026 को देव पूजन, कथा एवं पूर्णाहुति के साथ धार्मिक आयोजन का समापन होगा। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन में कथा वाचन आचार्य सतीश ध्यानी द्वारा किया जाएगा। मुख्य संयोजक की जिम्मेदारी आचार्य योगेश ध्यानी निभाएंगे, जबकि सह-आचार्य के रूप में यतीश ध्यानी सहयोग करेंगे।
आयोजन समिति ने बताया कि पूजन में यजमान बनने तथा दान-भेंट सेवा के लिए श्रद्धालु आयोजन समिति के पदाधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
“सेवा ही परम धर्म है” के संदेश के साथ आयोजित यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
