नैनीताल में भू-माफिया पर कार्रवाई, 25 नाली भूमि अतिक्रमण मुक्त
Latest देहरादून न्यूज

नैनीताल में भू-माफिया पर कार्रवाई, 25 नाली भूमि अतिक्रमण मुक्त

नैनीताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की पहल और त्वरित कार्रवाई के चलते विकासखंड धारी के ग्राम कौल निवासी भगवती देवी को उनकी पैतृक भूमि पर न्याय मिल गया। प्रशासन ने करीब 25 नाली भूमि को भू-माफिया के अवैध कब्जे से मुक्त कराकर भूमि का कब्जा भगवती देवी को सौंप दिया।

ग्राम कौल निवासी भगवती देवी पत्नी स्वर्गीय दीवान राम ने बताया कि उनकी पैतृक भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था। कई बार शिकायत और गुहार लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के समक्ष अपनी समस्या रखी।

जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व टीम को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान शिकायत में तथ्य सामने आने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई की और करीब 25 नाली भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

इसके बाद भूमि का कब्जा भगवती देवी को सौंप दिया गया। न्याय मिलने पर भगवती देवी ने जिलाधिकारी और प्रशासन का आभार जताया।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि गरीब, असहाय और पीड़ित लोगों की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *