उत्तराखंड में SIR को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 84% नोटिस मतदाताओं तक पहुंचे
Latest देहरादून न्यूज

उत्तराखंड में SIR को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 84% नोटिस मतदाताओं तक पहुंचे

हल्द्वानी। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड प्रकाश चन्द्र दुम्का ने गुरुवार को सर्किट हाउस काठगोदाम में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की और फीडबैक लिया। बैठक में SIR के नोटिस फेज में चल रही सुनवाई की प्रक्रिया के संबंध में भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी दी गई।

बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने SIR से जुड़ी समस्याओं और आपत्तियों को संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष रखा। श्री दुम्का ने मौके पर ही प्रतिनिधियों की समस्याओं और आपत्तियों का समाधान किया।

उन्होंने कहा कि SIR अभियान के दौरान नागरिकों की सुविधा और सुगमता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है, ताकि किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि जनपद में 5 अगस्त 2026 तक कुल 2,35,085 नोटिसों के सापेक्ष 1,99,833 यानी 84 प्रतिशत नोटिस बीएलओ के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं।

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सामान्य विसंगति वाले नोटिसों का बीएलओ आवश्यक दस्तावेज लेकर सत्यापन करें और अपने स्तर पर उनका निस्तारण करें, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। वहीं, जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है, उन पर विशेष ध्यान देते हुए ERO और AERO स्तर पर सुनवाई कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में न रहे। उन्होंने कहा कि केवल नोटिस जारी होने से किसी मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाएगा। प्रत्येक मतदाता को अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का पूरा अवसर दिया जाएगा।

प्रकाश चन्द्र दुम्का ने नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें SIR से संबंधित कोई नोटिस प्राप्त होता है तो वे घबराएं नहीं, बल्कि निर्धारित अभिलेखों के साथ उपस्थित होकर सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें।

बैठक में कांग्रेस प्रतिनिधि मनोज शर्मा और हरीश चन्द्र, भाजपा प्रतिनिधि विनीत अग्रवाल, मनीष पाल और राजेन्द्र सिंह बिष्ट, बहुजन पार्टी प्रतिनिधि हरीश चन्द्र सिनोली और जगदीश कुमार टम्टा सहित अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, सुधीर कुमार, नवाजिश खलिक तथा विभिन्न AERO मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *