October 7, 2026
पौड़ी में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, 23 अक्टूबर से EVM-VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच
Latest देहरादून न्यूज

पौड़ी में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, 23 अक्टूबर से EVM-VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच

पौड़ी। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर एवं ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) सहित निर्वाचन तैयारियों को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।

बैठक में 03 अक्टूबर 2026 को अंतिम रूप से प्रकाशित विधानसभा निर्वाचक नामावली की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई और अंतिम मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची का परीक्षण कर आवश्यक सुझाव एवं फीडबैक देने को कहा। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में अधिकारियों और राजनीतिक दलों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

अंतिम मतदाता सूची के अनुसार जनपद के 6 विधानसभा क्षेत्रों के 1,008 मतदान केंद्रों पर कुल 5,07,135 सामान्य मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2,64,235 पुरुष, 2,42,890 महिला और 10 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 14,570 सर्विस मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 14,319 पुरुष और 251 महिला मतदाता हैं। इस प्रकार जनपद में कुल 5,21,705 मतदाता पंजीकृत हैं।

बैठक में बताया गया कि ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) 23 अक्टूबर 2026 से ईवीएम गोदाम, वेयर हाउस छतरीधार, कोटद्वार रोड, पौड़ी में शुरू होगी। एफएलसी प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक की जाएगी तथा सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।

एफएलसी का कार्य इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL) के नामित इंजीनियरों द्वारा किया जाएगा। प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के दो अधिकृत प्रतिनिधि प्रतिदिन उपस्थित रह सकेंगे। एफएलसी के बाद यादृच्छिक रूप से चयनित 5 प्रतिशत मशीनों पर मॉक पोल भी कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से एफएलसी में शामिल होने वाले अधिकृत प्रतिनिधियों के नाम और आवश्यक विवरण समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन-2027 से संबंधित सभी तैयारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने को कहा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एसएस रावत, भरत रावत, राजेंद्र सिंह रावत, महादेव प्रसाद बहुगुणा, क्रांति किशोर एवं संतोष चंदोला सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *