सांसद अनिल बलूनी ने दी जानकारी, नई रेल सेवा और सड़क मार्ग से पर्यटन, व्यापार व आवागमन को मिलेगा बड़ा लाभ
Latest देहरादून न्यूज

सांसद अनिल बलूनी ने दी जानकारी, नई रेल सेवा और सड़क मार्ग से पर्यटन, व्यापार व आवागमन को मिलेगा बड़ा लाभ

पौड़ी: गढ़वाल क्षेत्र के लिए मंगलवार का दिन दोहरी खुशखबरी लेकर आया। गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने क्षेत्रवासियों को एक ही दिन में दो महत्वपूर्ण सौगातों की जानकारी दी। इनमें 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा का शुभारंभ और लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर आवश्यक वाहनों के संचालन को मंजूरी शामिल है। सांसद ने कहा कि इन दोनों फैसलों से गढ़वाल में विकास, पर्यटन, व्यापार और सुगम आवागमन को नई गति मिलेगी।

सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा शुरू की जा रही है। शुरुआती चरण में यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसके संचालन को सप्ताह में चार या पांच दिन तक बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि कॉर्बेट सिटी के नाम से प्रसिद्ध रामनगर उत्तराखंड का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। नई ट्रेन सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों को देहरादून आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही देशभर से आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु कॉर्बेट नेशनल पार्क समेत उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक अधिक आसानी से पहुंच सकेंगे।

सांसद ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है।

इसके अलावा सांसद अनिल बलूनी ने दूसरी बड़ी उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि सुप्रीम कोर्ट की सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) ने लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर कमर्शियल वाहनों को लेकर बनी सभी असमंजस की स्थिति को स्पष्ट कर दिया है। इसके बाद इस मार्ग पर अधिकांश आवश्यक वाहनों के संचालन का रास्ता साफ हो गया है।

अब इस मार्ग पर सवारी वाहन, सरकारी बसें, जीएमओयू (GMOU) की बसें, स्कूल बसें, किसानों के ट्रैक्टर तथा भवन निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों के संचालन की अनुमति मिल गई है। सांसद ने कहा कि इससे स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी और क्षेत्र में परिवहन, व्यापार तथा विकास कार्यों को भी गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन दोनों फैसलों का लाभ गढ़वाल क्षेत्र की जनता को लंबे समय तक मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *