September 11, 2026
धामी सरकार की बड़ी तैयारी: रुद्रप्रयाग में ₹48.84 करोड़ का स्टेट गेस्ट हाउस, देहरादून में बनेंगे 48 नए सरकारी आवास
Latest देहरादून न्यूज

धामी सरकार की बड़ी तैयारी: रुद्रप्रयाग में ₹48.84 करोड़ का स्टेट गेस्ट हाउस, देहरादून में बनेंगे 48 नए सरकारी आवास

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत उत्तराखंड राज्य संपत्ति विभाग ने सरकारी परिसंपत्तियों के आधुनिकीकरण और पर्यावरण अनुकूल विकास को गति दी है। सचिव राज्य संपत्ति एवं आवास डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठकों में रुद्रप्रयाग के रतूड़ा में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह और देहरादून के रेसकोर्स स्थित ओल्ड ऑफिसर्स कॉलोनी में 48 नए श्रेणी-3 सरकारी आवासों की परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

रतूड़ा में लगभग ₹48.84 करोड़ की लागत से बनने वाले राज्य अतिथि गृह में आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल, आकर्षक प्रवेश द्वार और बड़े आकार का राज्य लोगो स्थापित किया जाएगा। सचिव ने पीडब्ल्यूडी को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के मानकों के अनुरूप नदी से न्यूनतम 200 मीटर दूरी सुनिश्चित करने और आवश्यक प्रमाण-पत्र अभिलेखों में संलग्न करने के निर्देश दिए।

वहीं देहरादून की ओल्ड ऑफिसर्स कॉलोनी में पुराने जर्जर भवनों की जगह करीब ₹28.07 करोड़ की लागत से 48 नए श्रेणी-3 आवास बनाए जाएंगे। परियोजना में कम अनुरक्षण लागत वाली निर्माण सामग्री, ग्रीन बिल्डिंग मानकों और अनिवार्य रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को शामिल किया जाएगा।

सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता, समयबद्धता और स्थानीय वास्तुशैली को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि सरकारी परिसंपत्तियां आधुनिक होने के साथ पर्यावरण के अनुकूल भी बन सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *