September 12, 2026
श्रीनगर, श्रीकोट और खिर्सू में भव्य तिरंगा यात्रा, धन सिंह रावत ने किया हर घर तिरंगा का आह्वान
Latest देहरादून न्यूज

श्रीनगर, श्रीकोट और खिर्सू में भव्य तिरंगा यात्रा, धन सिंह रावत ने किया हर घर तिरंगा का आह्वान

श्रीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को श्रीनगर, श्रीकोट और खिर्सू क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्राएं आयोजित की गईं। यात्राओं में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।

श्रीकोट पेट्रोल पंप से शुरू हुई तिरंगा यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए मेडिकल कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुई। वहीं श्रीनगर और खिर्सू में भी तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगे के बीच तीनों क्षेत्रों का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में सहभागी बनने का आह्वान किया।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेशभर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के जीवन एवं योगदान पर आधारित निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन से परिचित कराना है।

कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीएमएस रावत ने छात्र-छात्राओं और युवाओं को नशा उन्मूलन की शपथ भी दिलाई। उन्होंने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए सभी वर्गों से मिलकर प्रयास करने की अपील की। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सशक्त और बेहतर समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *