देहरादून/काशीपुर। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में अवैध हथियारों और फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और ऊधमसिंह नगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त अभियान में काशीपुर क्षेत्र से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 65 कारतूस (.30 एवं .32 बोर) तथा तीन कूटरचित (फर्जी) शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक माह से फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के संबंध में गोपनीय जांच और सूचनाएं एकत्र की जा रही थीं। जांच के आधार पर ऊधमसिंह नगर के काशीपुर कोतवाली में उत्तर प्रदेश से निर्गत दर्शाए गए 10 संदिग्ध फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जनपद शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश से जारी दर्शाए गए इन लाइसेंसों के आधार पर काशीपुर स्थित एक गन हाउस से हथियार खरीदे गए थे। एसटीएफ अब पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की तलाश जारी है।
एसटीएफ ने बताया कि फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के मामलों में इससे पहले भी दो अलग-अलग अभियोग दर्ज कराए जा चुके हैं, जिनमें दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच एजेंसियों का मानना है कि बाहरी राज्यों से फर्जी लाइसेंस तैयार कर उत्तराखंड में अवैध हथियारों को वैध दर्शाने का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।
एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि फर्जी लाइसेंस के आधार पर हथियार रखने, खरीदने या उनका उपयोग करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
