हल्द्वानी में अंतरराष्ट्रीय शिक्षा सहयोग की नई पहल, यूओयू और केएनओयू के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर
Latest राज्य शिक्षा

हल्द्वानी में अंतरराष्ट्रीय शिक्षा सहयोग की नई पहल, यूओयू और केएनओयू के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर

Uttarakhand Open University ने अपनी वैश्विक शैक्षणिक सहभागिता को विस्तार देते हुए दक्षिण कोरिया की प्रतिष्ठित Korea National Open University के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा, वर्चुअल लर्निंग, शोध सहयोग, शिक्षार्थी सहायता प्रणाली तथा गुणवत्ता आश्वासन के क्षेत्रों में दोनों संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत करेगा।

वर्ष 1972 में स्थापित कोरिया नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दूरस्थ उच्च शिक्षा एवं आजीवन शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी संस्थानों में गिनी जाती है। वहीं उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय राज्य के दूरस्थ, पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। ऐसे में यह साझेदारी दोनों विश्वविद्यालयों के अनुभव, तकनीकी विशेषज्ञता और नवाचारों के आदान-प्रदान का प्रभावी मंच बनेगी।

समझौते के तहत अकादमिक एवं मानव संसाधन विकास, वर्चुअल लर्निंग कंटेंट निर्माण, संयुक्त शोध परियोजनाएँ, कार्यशालाएँ, सेमिनार, सम्मेलन तथा फैकल्टी डेवलपमेंट कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा संकाय सदस्यों, शोधकर्ताओं एवं कर्मचारियों के अल्पकालिक शैक्षणिक आदान-प्रदान की भी व्यवस्था की गई है। दोनों विश्वविद्यालय ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग, शिक्षार्थी सहायता प्रणाली, गुणवत्ता आश्वासन तथा लर्निंग डेटा विश्लेषण से जुड़ी श्रेष्ठ प्रक्रियाओं को साझा करेंगे।

यह समझौता आगामी पाँच वर्षों तक प्रभावी रहेगा और पारस्परिक सहमति से इसे आगे भी विस्तारित किया जा सकेगा।

एमओयू पर केएनओयू की ओर से प्रो. किम जोंगहो (अध्यक्ष) एवं प्रो. जंग से-यून (डीन, ऑफिस ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स) तथा उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी एवं कुलसचिव श्री खीमराज भट्ट ने हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि यह समझौता विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को नई दिशा देगा और शिक्षकों, शोधकर्ताओं तथा विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर सीखने एवं शोध के नए अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह साझेदारी भविष्य में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और ज्ञान-विनिमय के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ सुनिश्चित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *