देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे पूरे प्रदेश के लिए बेहद संवेदनशील बताते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों और नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जहां भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर और हरिद्वार में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। शेष जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में यातायात व्यवस्था भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, एक राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कुल 115 सड़कें बंद हैं। पिथौरागढ़ जिले में तवाघाट-गुंजी राष्ट्रीय राजमार्ग बोल्डर गिरने से अवरुद्ध है। इसके अलावा पौड़ी में सबसे अधिक 31 सड़कें, देहरादून, अल्मोड़ा, चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, उत्तरकाशी, बागेश्वर और टिहरी सहित कई जिलों में दर्जनों सड़कें बंद हैं।
भारी बारिश के मद्देनजर जिला प्रशासन ने एहतियातन कई जिलों में कक्षा 12 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। देहरादून, हरिद्वार, चमोली, पौड़ी, टिहरी, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में शुक्रवार को स्कूल बंद रहेंगे।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के पास न जाने और मौसम विभाग व जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
