158वें दिन भी जारी नर्सिंग आंदोलन, 23 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों ने पानी की टंकी पर चढ़कर किया प्रदर्शन
राज्य

158वें दिन भी जारी नर्सिंग आंदोलन, 23 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों ने पानी की टंकी पर चढ़कर किया प्रदर्शन

देहरादून में नर्सिंग एकता मंच उत्तराखंड के बैनर तले चल रहा नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन अब और उग्र हो गया है। अपने अनिश्चितकालीन धरने के 158वें दिन एवं लगातार 23 दिनों से जारी आमरण अनशन के बावजूद सरकार की ओर से कोई सकारात्मक कदम न उठाए जाने पर आक्रोशित अभ्यर्थियों ने आज परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया।

आंदोलनकारी नर्सिंग अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार लगातार उनकी न्यायसंगत मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने बताया कि कई साथियों की स्वास्थ्य स्थिति लगातार बिगड़ रही है, इसके बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में नर्सिंग भर्ती नियमावली को स्थायी रूप से वर्षवार लागू करना शामिल है, ताकि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमितता बनी रहे। इसके साथ ही Indian Public Health Standards (IPHS) के मानकों के आधार पर पूर्व की भांति 2000 पदों पर वर्षवार भर्ती प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।

नर्सिंग अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए नियमित भर्ती बेहद जरूरी है और सरकार को जल्द से जल्द इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *