हल्द्वानी। Uttarakhand Open University के मुख्य सभागार में शनिवार को विश्वविद्यालय की पूर्व छात्र समिति द्वारा वार्षिक पूर्व छात्र अधिवेशन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व शिक्षार्थियों ने प्रतिभाग कर अपने अनुभव साझा किए। अधिवेशन का उद्देश्य विश्वविद्यालय और पूर्व छात्रों के बीच समन्वय स्थापित करना तथा विश्वविद्यालय के विकास में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद पूर्व छात्र समिति के प्रभारी Dr. Bhanu Joshi ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय और पूर्व छात्रों के बीच निरंतर संवाद और सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित पूर्व छात्र Dr. S. K. Taneja और Lata Bora को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनके सामाजिक, शैक्षिक और जनहितकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे पूर्व छात्र संस्थान की पहचान को मजबूत करते हैं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति Prof. Naveen Chandra Lohani ने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की वास्तविक शक्ति उसके पूर्व छात्र होते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्रों का अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो सकता है।
पूर्व छात्र समिति के अध्यक्ष Dr. Anil Kothari ने समिति की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि समिति पूर्व छात्रों को एक साझा मंच प्रदान कर विश्वविद्यालय के विकास में रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित कर रही है।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत पूर्व छात्रों ने अपने शैक्षिक और व्यावसायिक अनुभव साझा किए। पूर्व छात्रों ने कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली ने उन्हें शिक्षा प्राप्त करने का सशक्त अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेन्द्र कैड़ा ने किया, जबकि समापन अवसर पर कुलसचिव Dr. Khemraj Bhatt ने सभी अतिथियों, पूर्व छात्रों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व छात्र समिति के उपाध्यक्ष डॉ. बालम दफौटी, सचिव मंजु जोशी, कोषाध्यक्ष गणेश जोशी, कार्यकारी सदस्य चारु जोशी, ललित मोहन, रेखा बिष्ट सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में पूर्व छात्र उपस्थित रहे।
