देहरादून: उत्तराखंड को केंद्र सरकार से वर्ष 2026-27 के लिए पूंजीगत निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ₹451.63 करोड़ की विशेष वित्तीय सहायता मिली है। वित्त मंत्रालय ने “पूंजीगत निवेश के लिए विशेष सहायता योजना” के तहत राज्य को पहली किस्त जारी करने की मंजूरी दी है।
यह राशि योजना के भाग-1 (अनटाइड) के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। इस सहायता का उपयोग 31 मार्च 2027 तक विभिन्न पूंजीगत विकास परियोजनाओं पर किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इससे राज्य में आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिलेगी।
इस वित्तीय सहायता से सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा सकेगा। राज्य सरकार का मानना है कि इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड के विकास को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद देते हुए कहा कि यह सहायता राज्य की आधारभूत अवसंरचना को नई रफ्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
