जिला मुख्यालय में शुक्रवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर भारत विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत लोगों को नमन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि भारत विभाजन की त्रासदी देश के इतिहास का एक पीड़ादायक अध्याय है। यह दिवस उन लाखों लोगों के संघर्ष, पीड़ा और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने विभाजन के दौरान अपनों को खोया और विस्थापन का दंश झेला।
उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी हमें शांति, सद्भाव, एकता और भाईचारे का महत्व सिखाती है। इतिहास से सीख लेते हुए सामाजिक सौहार्द और सहयोग को बढ़ावा देना तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।
