September 11, 2026
पौड़ी में स्वच्छता रैली, सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ लोगों को किया जागरूक
Latest देहरादून न्यूज

पौड़ी में स्वच्छता रैली, सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ लोगों को किया जागरूक

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से पौड़ी में विशेष स्वच्छता रैली आयोजित की गई। नगर पालिका परिषद पौड़ी की ओर से बुधवार को एजेंसी चौक से रामलीला मैदान तक निकाली गई इस रैली के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने की अपील की गई।

रैली के दौरान लोगों से खुले में कूड़ा न फेंकने, घरों के आसपास गंदगी न करने और नगर पालिका की डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का नियमित उपयोग करने का आह्वान किया गया। साथ ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, प्लास्टिक कचरे को न जलाने तथा उसे मिट्टी में न दबाने के प्रति भी जागरूक किया गया।

अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से घर का कूड़ा निर्धारित कूड़ा संग्रहण वाहन को देने, जैविक कचरे से खाद तैयार करने और सिंगल यूज प्लास्टिक का न्यूनतम इस्तेमाल करने की अपील की।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने भी लोगों से कचरे को स्रोत स्तर पर अलग-अलग रखने और नगर पालिका के संग्रहण वाहन को ही देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सकता है।

रैली में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से सामाजिक संगठनों, नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम में सफाई निरीक्षक हेमंत कुमार, सभासद संगीता रावत और अरविंद रावत सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *