नैनीताल जनपद के हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में 4 जनवरी की देर रात 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने भाजपा पार्षद को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के भाई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पार्षद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, मामले के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने आरोपी पार्षद को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, रामपुर रोड क्षेत्र के भाजपा पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू पर आरोप है कि उन्होंने गायत्री होटल के पास 22 वर्षीय नितिन लोहनी को गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई पीयूष लोहनी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) और 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
तहरीर में बताया गया कि नितिन लोहनी, निवासी जज फार्म हल्द्वानी, अपने दोस्त कमल भंडारी के साथ गौला पार गया हुआ था। देर रात लौटते समय नितिन ने दोस्त से कहा कि पार्षद का बेटा जय उसका दोस्त है और उससे मिलकर चलते हैं। प्रत्यक्षदर्शी कमल भंडारी के मुताबिक, जैसे ही जय के घर की डोर बेल बजाई गई, कुछ देर बाद पार्षद अमित बिष्ट बालकनी में बंदूक लेकर आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर पार्षद उत्तेजित हो गए और फायर झोंक दिया। गोली नितिन को लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कोतवाली पुलिस ने देर रात ही आरोपी पार्षद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और बाद में गिरफ्तार कर लिया। मनोज कत्याल, एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पीड़ित बनकर दी थी सूचना:
एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि घटना के बाद आरोपी पार्षद ने खुद को पीड़ित बताते हुए कोतवाली के एक पुलिसकर्मी को फोन कर सूचना दी थी। उसने दावा किया कि देर रात दो लोग उसके घर आए थे और फायरिंग की थी, जवाबी कार्रवाई में उसने फायर किया, जिसमें एक युवक के पैर में गोली लगी। हालांकि जांच में यह दावा गलत पाया गया।
भाजपा ने किया निष्कासन:
मामले को गंभीर मानते हुए भाजपा के नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने पत्र जारी कर आरोपी पार्षद को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
