देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के चलते ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर को राज्य के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की आशंका है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
केदारनाथ और गंगोत्री में बर्फबारी से बढ़ी ठंड
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। केदारनाथ में तापमान शून्य से नीचे पहुंचने की सूचना है। गंगोत्री क्षेत्र में भी बर्फबारी के बाद पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। लगातार बारिश के कारण यमुनोत्री और आसपास के क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ गई है।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
मौसम की गंभीरता को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने संबंधित जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें। नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
