श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल):
श्रीनगर कोतवाली परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दिल्ली से आए कुछ पर्यटकों और स्थानीय युवाओं के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस को हालात काबू में करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। यह पहला मौका बताया जा रहा है जब श्रीनगर कोतवाली में ऐसा दृश्य देखने को मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली के कुछ पर्यटकों द्वारा स्थानीय युवाओं के साथ मारपीट किए जाने के बाद तनाव बढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय युवा कोतवाली परिसर में एकत्र हो गए, जिससे माहौल और ज्यादा उग्र हो गया।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस प्रशासन को सख्त कदम उठाने पड़े। कोतवाल श्रीनगर के नेतृत्व में पुलिस बल ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसके बाद हालात पर काबू पाया जा सका।
घटना के दौरान कुछ लोगों को मामूली चोटें आने की भी सूचना है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

