दून में युवती की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी युवक गिरफ्तार
राज्य

दून में युवती की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी युवक गिरफ्तार

देहरादून, 02 फरवरी 2026।
कोतवाली नगर क्षेत्र के दूल्हा बाजार के पास सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना में एक युवक ने युवती पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के लिए युवती को तत्काल दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक युवती की पहचान गुंजन पुत्री मनीष श्रीवास्तव, निवासी गोविंदगढ़ के रूप में हुई है। वह दूल्हा बाजार स्थित एक दुकान में कार्य करती थी। जानकारी के अनुसार गुंजन रोज़ की तरह सुबह काम पर पहुंची थी और अपने जीजा के घर के पास गली में स्कूटी खड़ी कर दुकान की ओर जा रही थी, तभी गली में घात लगाए बैठे युवक ने उस पर हमला कर दिया।

त्वरित कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमले को अंजाम देने वाले युवक आकाश पुत्र कोमलराम को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

तीन साल से जान-पहचान, पहले भी दी गई थी पुलिस में शिकायत

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह भी दूल्हा बाजार की एक दुकान में काम करता है और पिछले तीन वर्षों से मृतक युवती के संपर्क में था। उसका युवती के घर आना-जाना भी था। इस संबंध की जानकारी युवती के परिजनों को होने पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए इसकी सूचना अभियुक्त के परिजनों को दी थी, जिसके बाद अभियुक्त के घर में भी पारिवारिक विवाद चल रहा था।

पूर्व में दोनों पक्षों की सहमति से एक-दूसरे से कोई संबंध न रखने को लेकर चौकी खुडबूडा में समझौता पत्र भी दिया गया था। इसके बावजूद आरोपी द्वारा युवती को परेशान किया जा रहा था।

दो दिन पहले भी दी गई थी प्रार्थना पत्र

पुलिस के अनुसार, 02 दिन पूर्व मृतक युवती ने आरोपी को समझाने के लिए चौकी खुडबूडा में प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में उसके घर और कार्यस्थल पर लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस द्वारा खोजबीन की जानकारी मिलते ही आरोपी ने मोबाइल फोन बंद कर दिया और बीते दो दिनों से अलग-अलग स्थानों पर छिपता रहा।

लगातार पारिवारिक तनाव, पुलिस की कार्रवाई और युवती द्वारा बातचीत बंद करने के कारण आरोपी ने आवेश में आकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया, ऐसा उसने पूछताछ में स्वीकार किया है।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

नाम: आकाश पुत्र कोमलराम
निवास: 46 मन्नूगंज, खुडबूडा मोहल्ला, कोतवाली नगर, देहरादून
उम्र: 27 वर्ष

पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *