उत्तराखंड सरकार जहां राज्य को वेडिंग डेस्टिनेशन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयासरत है, वहीं अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र स्थित मर्चूला से सामने आया एक मामला विवाद का कारण बन गया है। यहां रामगंगा और बदनगढ़ नदियों के संगम के पास स्थित एक पुराने अंत्येष्टि स्थल पर विवाह समारोह की जयमाला रस्म निभाई गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि श्मशान घाट जैसे पवित्र और संवेदनशील स्थान पर इस प्रकार की शादी की रस्म निभाना परंपराओं और सामाजिक भावनाओं के प्रति असंवेदनशीलता दर्शाता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार आबिद अली ने कहा कि संबंधित रिजॉर्ट संचालक से पूछताछ की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना प्रशासनिक अनुमति के किसी भी सार्वजनिक स्थल को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में उपयोग करना नियमों के खिलाफ है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कुछ रिसोर्ट संचालक अपने व्यावसायिक लाभ के लिए किसी भी हद तक जा रहे हैं और बिना अनुमति सार्वजनिक स्थलों पर विवाह समारोह आयोजित कर रहे हैं। इस घटना के बाद प्रशासन पर सख्त कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।
यह घटना न केवल चर्चा का विषय बनी हुई है, बल्कि समाज में इसकी व्यापक आलोचना भी हो रही है। लोग इसे धार्मिक और सांस्कृतिक मर्यादाओं के खिलाफ मान रहे हैं।

