उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने रचा इतिहास, 20 दिनों में 100% परीक्षा परिणाम घोषित
शिक्षा

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने रचा इतिहास, 20 दिनों में 100% परीक्षा परिणाम घोषित

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने परीक्षा परिणाम घोषित करने में नया इतिहास रच दिया है। विश्वविद्यालय ने दिसंबर-2025 सत्र की परीक्षाओं के सभी परिणाम परीक्षा समाप्त होने के मात्र 20 दिनों के भीतर जारी कर दिए, जो एक रिकॉर्ड उपलब्धि मानी जा रही है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने प्रेस वार्ता में बताया कि दिसंबर-2025 सत्र की परीक्षाएं 16 फरवरी 2026 से 11 अप्रैल 2026 तक प्रदेशभर के 76 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थीं। कुल 39 परीक्षा दिवसों में सफलतापूर्वक परीक्षाएं संपन्न कराई गईं।

उन्होंने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय ने कुल 323 परीक्षाफलों को केवल 15 कार्यदिवस में घोषित कर दिया। 30 अप्रैल 2026 तक सभी परिणाम जारी कर दिए गए, जो विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार इतनी कम अवधि में संभव हो पाया है।

इस उपलब्धि के पीछे विश्वविद्यालय द्वारा गठित विशेष टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कुल 289 आंतरिक एवं बाह्य परीक्षकों ने केन्द्रीय मूल्यांकन कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया। इसमें देशभर के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के शिक्षक भी शामिल रहे।

कुलपति ने बताया कि यह सफलता विश्वविद्यालय की पारदर्शी, डिजिटल और शिक्षार्थी-केंद्रित कार्यप्रणाली का परिणाम है। समयबद्ध मूल्यांकन, डिजिटल समन्वय और सतत निगरानी के कारण हजारों छात्रों को प्रवेश, रोजगार और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में समय पर लाभ मिल सकेगा।

प्रेस वार्ता में विश्वविद्यालय के आदर्श अध्ययन केंद्र हल्द्वानी–16000 में संचालित गतिविधियों की भी जानकारी दी गई। ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम के तहत 17 अप्रैल 2026 को आयोजित पहले सत्र में 175 शिक्षार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 115 ऑफलाइन और 60 ऑनलाइन शामिल रहे। वहीं 26 अप्रैल को आयोजित दूसरे कार्यक्रम में लगभग 120 शिक्षार्थियों ने सहभागिता की।

विश्वविद्यालय द्वारा नवप्रवेशित छात्रों को मार्गदर्शन देने के लिए राज्यभर के अध्ययन केंद्रों में भी ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें परीक्षा प्रणाली, असाइनमेंट, पुस्तक वितरण और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाती है।

इसके अलावा, मॉडल अध्ययन केंद्र हल्द्वानी में शनिवार और रविवार को विशेष ऑफलाइन परामर्श सत्र संचालित किए जा रहे हैं। जुलाई 2025 सत्र से शुरू इन कक्षाओं में अब तक 1100 से अधिक छात्र लाभान्वित हो चुके हैं। जनवरी 2026 सत्र के लिए ये सत्र 18 अप्रैल से पुनः शुरू किए गए हैं।

विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षार्थियों के लिए निःशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है, जिसके तहत हजारों छात्रों को मुफ्त अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है, खासकर दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को इसका विशेष लाभ मिल रहा है।

शैक्षणिक व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए विश्वविद्यालय में 15 अस्थायी शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। साथ ही 09 प्रोफेसर, 02 एसोसिएट प्रोफेसर और 12 असिस्टेंट प्रोफेसर के स्थायी पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

कुलपति प्रो. लोहनी ने बताया कि विश्वविद्यालय को छात्रों और अभिभावकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण और नवाचारपूर्ण शिक्षा व्यवस्था को आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *