सतपुली क्षेत्र में शिक्षा और विकास को नई दिशा देते हुए सतपाल महाराज और डॉ. धन सिंह रावत ने संयुक्त रूप से राजकीय डिग्री कॉलेज खैरासैंण, सतपुली के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में लोक निर्माण एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सतपुली झील सहित कई रोजगारपरक योजनाएं निर्माणाधीन हैं, जिनके पूर्ण होने के बाद क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान राजकीय डिग्री कॉलेज प्रबंधन की ओर से कॉलेज विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखी गईं। इनमें ओपन जिम की स्थापना, मैदान में इंटरलॉकिंग टाइल्स, सड़क से कॉलेज परिसर तक मार्ग का सुदृढ़ीकरण, छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल निर्माण समेत अन्य सुविधाएं शामिल रहीं।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कॉलेज प्रशासन और क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि छात्रों की सुविधा और शिक्षा के बेहतर वातावरण के लिए आवश्यक मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
समारोह में भाजपा प्रदेश सचिव जगमोहन रावत, ब्लॉक प्रमुख जयहरीखाल रणवीर सजवाण, युवा नेता सुयश रावत, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष नरेंद्र टम्टा, निदेशक उच्च शिक्षा बीएन खाली तथा कॉलेज प्राचार्य डॉ. संजय कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
