कोटद्वार में राजकीय शिक्षक संघ गढ़वाल मंडल शाखा ने वार्षिक स्थानांतरण प्रक्रिया को लेकर गहरी नाराजगी जताई है। शिक्षक संघ का आरोप है कि प्रतिवर्ष वार्षिक स्थानांतरण पर रोक लगाए जाने के बावजूद ऊंची पहुंच रखने वाले शिक्षकों के नियम विरुद्ध तबादले किए जा रहे हैं, जिससे शिक्षकों में भारी रोष व्याप्त है।
संघ के मंडलीय अध्यक्ष जयदीप रावत और मंत्री मनमोहन सिंह चौहान ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक एवं प्रांतीय नेतृत्व को ज्ञापन भेजकर प्रतिवर्ष वार्षिक स्थानांतरण के तहत पारदर्शी तरीके से तबादले करने की मांग उठाई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेशभर का शिक्षक समाज लंबे समय से वार्षिक स्थानांतरण प्रक्रिया बहाल करने की मांग कर रहा है, लेकिन शासन स्तर पर उनकी मांगों को अनदेखा किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर प्रभावशाली और सिफारिश वाले शिक्षकों के लगातार स्थानांतरण हो रहे हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था और शिक्षक हित दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
शिक्षक नेताओं ने कहा कि कई शिक्षक वर्षों से दुर्गम क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन पदोन्नति और स्थानांतरण न होने के कारण वे उसी पद से सेवानिवृत्त होने को मजबूर हैं। जबकि नियम-कानूनों की अनदेखी कर कुछ शिक्षक मनचाहे स्थानों पर तबादले कराने में सफल हो रहे हैं।
संघ ने मांग की है कि नियम विरुद्ध किए गए सभी स्थानांतरण तत्काल निरस्त किए जाएं और वार्षिक स्थानांतरण नीति के तहत समान अवसर प्रदान किए जाएं, ताकि सभी शिक्षकों को इसका लाभ मिल सके।
शिक्षक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर में आंदोलन शुरू किया जाएगा।
