लैंसडौन स्थित गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) का दो दिवसीय दौरा संपन्न हो गया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य सैन्य परंपराओं का अवलोकन करना, सैनिकों का मनोबल बढ़ाना तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करना रहा।
दौरे के दूसरे दिन राज्यपाल ने युद्ध स्मारक पर पुष्प-चक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि वीरों की इस कर्मभूमि पर आकर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है और गढ़वाल राइफल्स का इतिहास देश के लिए गौरवशाली रहा है।

राज्यपाल ने ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी सहित सेना के अधिकारियों और जवानों से संवाद किया। उन्होंने वूमेंस कैफे और भुल्ली सशक्तीकरण केंद्र का भी भ्रमण किया तथा महिला सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
सेना के अधिकारियों ने राज्यपाल को राय हट स्थित सैन्य स्टेशन के ऐतिहासिक और सामरिक महत्व की जानकारी दी। इस दौरान राज्यपाल ने सिविल प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ भी संवाद स्थापित किया।
राज्यपाल ने गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट की उत्कृष्ट कार्यक्षमता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय सेना देश की सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक है।
अपने दौरे के दौरान राज्यपाल ने छात्रों से भी मुलाकात की और उनकी रुचियों को समझते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के अनुसार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद कर लोगों का उत्साहवर्धन भी किया।
