देहरादून। Dixon Technologies की सेलाकुई स्थित फैक्ट्री में मांगों को लेकर चल रहे प्रदर्शन के दौरान उपद्रव और पथराव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। श्रमिकों की आड़ में फैक्ट्री परिसर और पुलिस पर पथराव करने के आरोप में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में थाना सेलाकुई में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग संगठित होकर विभिन्न कंपनियों और मोहल्लों में जाकर श्रमिकों को भड़का रहे हैं तथा कर्मचारियों को काम पर जाने से रोकने के लिए मारपीट और दबाव बना रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां कुछ लोग एकजुट होकर शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि इनमें से कुछ लोग पहले हुई पत्थरबाजी की घटना में भी शामिल थे और दोबारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते थे।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके से 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपितों की पहचान भी की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष Lokpal Parmar ने बताया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
