चकराता वन प्रभाग में तीन स्थानों पर लगी आग, वन विभाग ने समय रहते पाया नियंत्रण
Latest

चकराता वन प्रभाग में तीन स्थानों पर लगी आग, वन विभाग ने समय रहते पाया नियंत्रण

देहरादून। चकराता वन प्रभाग की देवघर रेंज क्षेत्रांतर्गत 27 मई 2026 को तीन स्थानों पर वनाग्नि की घटनाएं सामने आईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सिविल क्षेत्र जरसू पाणी में लगी थी, जो बाद में आरक्षित वन क्षेत्रों संग्रेड-2, मझोग-5 और मझोग-6A तक फैल गई।

वन विभाग की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो स्थानों पर समय रहते आग पर नियंत्रण प्राप्त कर लिया। वहीं मझोग क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण आग बुझाने में अधिक समय लगा, लेकिन विभागीय टीमों ने लगातार प्रयास जारी रखे।

वनाग्नि के कारण संग्रेड-1 से लगे जरासु पानी सिविल क्षेत्र में लगभग 2 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ। संग्रेड-2 में 173.4 हेक्टेयर वन क्षेत्र को बचाया गया, जबकि 1 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ। मझोग-5 में 107.3 हेक्टेयर वन क्षेत्र को सुरक्षित बचाया गया तथा 2.5 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ। इसी प्रकार मझोग-6A में 147.3 हेक्टेयर वन क्षेत्र को बचाया गया, जबकि 2 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है।

घटना के दौरान देवघर रेंज एवं मोल्टआ रेंज के लगभग 50 फील्ड कर्मी मौके पर मौजूद रहे और वनाग्नि रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यों में जुटे रहे। वन विभाग द्वारा अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया, जिसमें अग्निशमन विभाग ने भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

 

वन विभाग ने बताया कि मझोग-5 और संग्रेड-2 क्षेत्रों में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान पुलिस की सहायता से की जा रही है तथा पहचान होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी और मॉनिटरिंग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *