देहरादून। उत्तराखंड में सत्र 2026-27 के लिए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग ने प्रदेश के 153 राजकीय और 82 निजी आईटीआई में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी पांच जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विभाग के अनुसार, प्रवेश प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत विवरण, शैक्षिक योग्यता संबंधी जानकारी भरने के साथ आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसके बाद राज्य स्तरीय मेरिट सूची जारी की जाएगी। दूसरे चरण में छात्र अपनी मेरिट और रैंक के आधार पर अधिकतम 10 संस्थान और ट्रेड का विकल्प भरकर लॉक कर सकेंगे।
अग्निपथ योजना में मिलेगा बोनस अंक
कौशल विकास विभाग के सचिव सी. रविशंकर और निदेशक संजय कुमार ने बताया कि आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना में विशेष लाभ मिलेगा। एक वर्षीय कोर्स पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को 30 बोनस अंक और दो वर्षीय कोर्स करने वालों को 40 बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे। इससे अग्निवीर भर्ती में युवाओं को अतिरिक्त लाभ मिल सकेगा। इसके अलावा आईटीआई पास छात्र पॉलिटेक्निक के द्वितीय वर्ष में लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रवेश लेकर उच्च तकनीकी शिक्षा भी प्राप्त कर सकेंगे।
डीएसटी के तहत कंपनियों में मिलेगी ट्रेनिंग
इस वर्ष दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली (डीएसटी) को विशेष महत्व दिया गया है। राज्य के 54 सरकारी आईटीआई संस्थानों ने टाटा मोटर्स, बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प, महिंद्रा और वी-गार्ड जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ समझौते किए हैं। इसके तहत छात्र सीधे उद्योगों में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
दो वर्षीय पाठ्यक्रम के छात्रों को छह से 12 माह और एक वर्षीय कोर्स के विद्यार्थियों को तीन से छह माह तक उद्योगों में काम करते हुए प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान कंपनियां 8,000 से 12,000 रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड भी उपलब्ध कराएंगी। साथ ही भोजन, परिवहन और पीपीई किट जैसी सुविधाएं भी रियायती दरों पर दी जाएंगी।
आयु सीमा और शैक्षिक योग्यता
सामान्य ट्रेड के लिए न्यूनतम आयु 14 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि डीएसटी ट्रेड्स के लिए आयु सीमा 18 से 24 वर्ष रखी गई है। विभिन्न ट्रेडों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता आठवीं या दसवीं पास निर्धारित है। उत्तराखंड बोर्ड, रामनगर से दसवीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को पांच प्रतिशत अतिरिक्त वेटेज मिलेगा।
आवेदन शुल्क और आरक्षण
अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये रखा गया है, जबकि अन्य वर्गों के लिए शुल्क 350 रुपये निर्धारित किया गया है। राज्य सरकार की आरक्षण व्यवस्था के अनुसार एससी वर्ग को 19 प्रतिशत, एसटी को 4 प्रतिशत, ओबीसी को 14 प्रतिशत और ईडब्ल्यूएस को 10 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन आवेदन का प्रथम चरण – 5 जुलाई 2026 तक
- राज्य स्तरीय मेरिट सूची जारी – 7 जुलाई 2026
- द्वितीय चरण में विकल्प भरने की तिथि – 8 से 15 जुलाई 2026
- प्रथम काउंसलिंग के तहत संस्थान आवंटन – 18 जुलाई 2026
- आवंटित सीटों पर प्रवेश – 19 से 26 जुलाई 2026
