केदारनाथ और बद्रीनाथ परियोजनाओं की समीक्षा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दिए सख्त निर्देश
Latest देहरादून न्यूज

केदारनाथ और बद्रीनाथ परियोजनाओं की समीक्षा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम से जुड़ी विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने केदारनाथ पुनर्निर्माण और बद्रीनाथ मास्टर प्लान के कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने केदारनाथ धाम में प्रस्तावित छह नए ब्लॉक्स का निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने को कहा। साथ ही रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी को यात्रा क्षेत्र के लिए व्यापक कूड़ा प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

बद्रीनाथ मास्टर प्लान के फेज-1 और फेज-2 के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि परियोजना से जुड़े आर्ट वर्क और अन्य निर्माण कार्य समानांतर रूप से शुरू किए जाएं, ताकि तय समय में परियोजना पूरी हो सके।

इसके अलावा धामों में विकसित हो रही सुविधाओं के संचालन (ऑपरेशन) और रखरखाव (मेंटेनेंस) के लिए पहले से प्रभावी फ्रेमवर्क तैयार करने पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि परियोजनाओं के हैंडओवर के बाद रखरखाव में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए, इसके लिए सभी विभाग अभी से आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने के साथ-साथ बेहतर प्रबंधन और दीर्घकालिक रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *