देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मानसून के मद्देनजर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ गढ़ी कैंट स्थित घट्टी गोला क्षेत्र के संपर्क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र की मौजूदा स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि बारिश के मौसम में क्षेत्रवासियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को बरसाती नदी की ओर तत्काल सुरक्षा दीवार (प्रोटेक्शन वॉल) का निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने मोटर मार्ग पर वर्षा के कारण होने वाले मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए शीघ्र प्रोटेक्शन नेट अथवा ब्रेस्ट वॉल का निर्माण कराने के निर्देश भी दिए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी सुरक्षात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं, ताकि मानसून के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
उन्होंने संबंधित विभागों को क्षेत्र की लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्र, सिंचाई विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह रावत, जगदीश रेगमी, मंडल महामंत्री किरण, ग्राम प्रधान भारती जवाड़ी, केदार जोशी, नीटू सिंह, समुंदर सिंह, सपना मल्ल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
