देहरादून में छठे लोक संवर्धन पर्व का शुभारंभ, CM धामी और किरेन रिजिजू रहे शामिल
Latest देहरादून न्यूज

देहरादून में छठे लोक संवर्धन पर्व का शुभारंभ, CM धामी और किरेन रिजिजू रहे शामिल

देहरादून के परेड ग्राउंड में रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की उपस्थिति में छठे लोक संवर्धन पर्व का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।

11 से 15 जुलाई तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में देशभर के शिल्पकार, हस्तशिल्पी, लोक कलाकार, उद्यमी और पाक कला विशेषज्ञ अपनी पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं। मेले में 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें उत्तराखंड की पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पादों को विशेष स्थान दिया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गर्व की बात है कि केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के साथ मिलकर लोक संवर्धन पर्व आयोजित करने वाला यह देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारत की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ शिल्पकारों और कारीगरों को नए बाजार और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रभावी मंच है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ और ‘एक जनपद दो उत्पाद’ जैसी योजनाओं के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक शिल्प को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय के शैक्षिक, आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि लोक संवर्धन पर्व केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विविधता, पारंपरिक कौशल और कारीगरों के सम्मान का राष्ट्रीय उत्सव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) योजना के तहत आयोजित यह महोत्सव शिल्पकारों को विपणन, ब्रांडिंग और रोजगार के नए अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस आयोजन में साझेदारी करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव डॉ. श्रीवत्स कृष्णा, संयुक्त सचिव एस.पी. रॉय, विशेष सचिव अल्पसंख्यक कल्याण डॉ. पराग मधुकर धकाते सहित विभिन्न राज्यों से आए शिल्पकार, लोक कलाकार, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *