रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गुरुवार सुबह बड़ा व्यवधान उत्पन्न हो गया। सुबह 06:01 बजे सूचना मिली कि गौरीकुंड से लगभग एक किलोमीटर आगे छोड़ी के समीप केदारनाथ पैदल मार्ग पर अचानक पत्थर और मलबा आने से मार्ग अस्थायी रूप से अवरुद्ध हो गया।
सूचना मिलते ही जिला आपदा परिचालन केंद्र ने सेक्टर अधिकारी, गौरीकुंड को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है। मौके पर संबंधित विभागों की टीमें मलबा हटाने और मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने के कार्य में जुटी हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मार्ग खोलने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही श्रद्धालुओं की आवाजाही दोबारा शुरू की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मौके पर DDRF, YMF, आपदा मित्र, MPF और पुलिस की टीमें राहत एवं सुरक्षा कार्यों में तैनात हैं। वहीं एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उनकी सेवाएं ली जा सकें।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। मार्ग सुरक्षित घोषित होने के बाद ही यात्रा को पुनः शुरू किया जाएगा।
